ट्रैक्टरों की संख्या देखकर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह भी काफी गदगद दिखे
Photo Credit-Sajib Dutta
हजारीबाग :
हजारीबाग में आयोजित कांग्रेस की ट्रैक्टर रैली में को लेकर कांग्रेसियों में उत्साह दिखा। हजारीबाग की सड़कों पर ट्रैक्टर भी काफी संख्या में दिखे। गाजे-बाजे के साथ हजारीबाग के अलावा चतरा, कोडरमा व रामगढ़ से ट्रैक्टर लेकर कांग्रेस समर्थक कई किसान रैली में पहुंचे। ट्रैक्टरों की संख्या देखकर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह भी काफी गदगद दिखे।
कार्यक्रम को संबोधित करने के दौरान उन्होंने जमकर केंद्र सरकार पर हमला बोला। कहा कि भाजपा जब-जब सत्ता में आई है तब तब देश का किसान कमजोर हुआ है। यह भी कहा कि केंद्र की सरकार का कहना है कि वह किसानों की आय दोगुना करेगी मगर हुआ यह कि सरकार ने पेट्रोल का दाम दोगुना कर दिया।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जब तक तीन कृषि कानूनों को वापस नहीं लेती तब तक आंदोलनकारी किसानों का साथ देती रहेगी।
इससे पहले प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सह झारखंड के वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस हमेशा का किसानों का साथ देती रही है। आज जब कि तीन काले कृषि कानूनों को लेकर किसान सड़क पर हैं तो कांग्रेस पूरी ताकत से उनका साथ देती रहेगी और केंद्र सरकार को तीनों कृषि कानूनों को वापस लेना होगा।
कांग्रेस की ट्रैक्टर रैली में आयोजित सभा का संचालन जिलाध्यक्ष अवधेश सिंह और प्रदेश प्रवक्ता राजेश ठाकुर ने किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से कार्यक्रम के प्रभारी झारखंड के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, मंत्री आलमगीर आलम, पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री सुबोध कांत सहाय, सांसद गीता कोड़ा, हजारीबाग प्रभारी इरफान अंसारी, बरही विधायक उमाशंकर अकेला, बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद, रामगढ़ विधायक ममता देवी, विधायक विल्सन कोंगाड़ी, बेरमा विधायक कुमार जयमंगल, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, जयशंकर पाठक आदि ने भी संबोधित किया।