तेंदुआ के साथ दो शावक भी साथ में, दहशत में लोग
कौशल किशोर पांडे/मनिका :
प्रखंड के जेरूआ गांव के पास सोनी पहाड़ के जंगल में बुधवार को तेंदुआ आ धमका। तेंदुआ के आने से ग्रामीण पूरे दहशत में हैं। जंगल में लकड़ी काट रहे लकड़हारे जान बचाकर भागे। डुमरी गांव निवासी रिंकू राय बाइक से अपने गांव जा रहे थे। जैसे ही सोनी पहाड़ के पास पहुंचे उन्हें तेंदुआ दिखाई दिया। वे जान बचाकर वापस मनिका लौटे।
उन्होंने बताया कि सोनी पहाड़ के पूर्वी जंगल में तेंदुआ था।वहीं एक अन्य ग्रामीण ने बताया कि तेंदुआ के साथ दो शावक भी है। उक्त जंगल आस पास कुई, जेरुआ, डुमरी, चेचेंधा, कुटमू गांव के लोग दहशत में हैं।
तेंदुआ के आने से ग्रामीण अपने अपने घरों में दुबकने पर मजबूर है। वहीं ग्रामीण अपनी सुरक्षा के लिए गुहार लगा रहे हैं।हालांकि अभी तक किसी तरह से कोई जान माल की क्षति नहीं हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम तेंदुआ को हुरहुरी जंगल में देखा गया था। तेंदुआ की धमक की खबर पूरे प्रखंड में चर्चा का विषय बना हुआ है।
क्या कहते हैं रेंजर
पूछे जाने पर रेंजर संजय कुमार ने कहा कि ग्रामीणों को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि रात में अकेले नहीं बाहर जाएं।अपने मवेशियों को सुरक्षित रखें। उन्होंने कहा कि वे इस संबंध में पीटीआर के अधिकारियों को सूचित करेंगे।