अभी देश भर के 400 स्टेशनों पर ही चाय कुल्हड़ में मिलती है
ऑनलाइन डेस्क :
रेल मंत्री पीयूष गोयल (Piyush Goyal) ने रविवार को कहा कि आने वाले समय में देश के हर रेलवे स्टेशन पर कुल्हड़ में ही चाय मिलेगी। अभी देश भर के चार सौ स्टेशनों पर ही कुल्हड़ में चाय मिलती है। अन्य स्टेशनों पर प्लास्टिक या पेपर कप्स में चाय बेची जाती है।
रेल मंत्री ने यह घोषणा राजस्थान के अलवर में ढिगावड़ा रेलवे स्टेशन पर ढिगावड़ा - बांदीकुई रेलखंड पर विद्युतीकृत रेलमार्ग के लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए की।
कुल्हड़ मिट्टी के बने छोटे-छोटे कप होते हैं। कुल्हड़ पूरी तरह से प्राकृतिक हैं और सदियों से इनका इस्तेमाल हो रहा है। प्लास्टिक या फोम के गिलासों का इस्तेमाल स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण के लिए भी खतरनाक होता है। जबकि कुल्हड़ पूरी तरह से इको फ्रेंडली होते हैं। कुल्हड़ का इस्तेमाल करने के बाद ये तुरंत नष्ट हो जाते हैं और कुछ ही दिनों में मिट्टी में घुल जाते हैं।
गोयल ने कहा, "स्टेशन पर कुल्हड़ में चाय मिलती थी, बाद में प्लास्टिक कप में आने लगी। खादी व विलेज कमीशन तथा रेलवे ने मिलकर काम किया, आज देश में 400 स्टेशन में कुल्हड़ में चाय मिलती है। योजना है कि स्टेशनों पर कुल्हड़ में चाय मिले, प्लास्टिक मुक्त भारत में रेलवे का योगदान रहेगा।"
स्टेशन पर कुल्हड़ में चाय मिलती थी, बाद में प्लास्टिक कप में आने लगी। खादी व विलेज कमीशन तथा रेलवे ने मिलकर काम किया, आज देश में 400 स्टेशन में कुल्हड़ में चाय मिलती है।
— Piyush Goyal Office (@PiyushGoyalOffc) November 29, 2020
योजना है कि स्टेशनों पर कुल्हड़ में चाय मिले, प्लास्टिक मुक्त भारत में रेलवे का योगदान रहेगा: @PiyushGoyal
2004 में रेल मंत्री रहते लालू प्रसाद यादव ने रेलगाड़ियों और रेलवे स्टेशनों पर कुल्हड़ पर चाय बेचे जाने की पहल की थी। हालाँकि उनकी यह योजना ज्यादा परवान नहीं चढ़ पाई थी।