झारखंड: धनबाद में अपार्टमेंट में आग से मरने वाले सभी 14 लोग एक ही परिवार के

मरने वालों में दो पुरुष, नौ महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं, इनमें दुल्हन की मां, भाई, और दादी भी हैं 

झारखंड: धनबाद में अपार्टमेंट में आग से मरने वाले सभी 14 लोग एक ही परिवार के

रांची:

धनबाद के अपार्टमेंट में मंगलवार की रात आग लगने से जिन 14 लोगों की मौत हुई है, वे सभी एक ही परिवार के हैं। परिवार के लोग एक शादी समारोह में जुटे थे। इसी दौरान दीया गिरने से कालीन में लगी भीषण आग में एक साथ चौदह जिंदगियां स्वाहा हो गईं।

यह भीषण हादसा धनबाद के बैंक मोड़ थाना अंतर्गत शक्ति मंदिर स्थित आशीर्वाद टावर में हुआ। हादसे में दो दर्जन से ज्यादा लोग बुरी तरह झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए धनबाद स्थित एसएनएमएमसीएच में दाखिल कराया गया है। बुधवार सुबह तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। अब तक दस शव निकाले जा चुके हैं।


इस अपार्टमेंट में ट्विन टावर हैं। आग टावर के बी ब्लॉक में दूसरी मंजिल पर लगी। इसी टावर के एक फ्लैट में सुबोध लाल रहते हैं। उनकी बेटी स्वाति की शादी अपार्टमेंट से मात्र आधा किलोमीटर की दूरी पर सिद्धि विनायक बैंक्वेट हॉल में हो रही थी। दुल्हन और परिवार के कई लोग बैंक्वेट हॉल पहुंच चुके थे, जबकि कई लोग घर पर ही बाकी तैयारियों में जुटे थे। इसी बीच एक दीया गिरने से कालीन में आग लग गई। आग इतनी तेजी से विकराल हुई कि ज्यादातर लोगों को भागने का मौका तक नहीं मिला। चीख-पुकार के बीच 14 लोगों ने दम तोड़ दिया।

 

मरने वालों में दो पुरुष, नौ महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। इनमें दुल्हन की मां, भाई, दादी और दादी भी हैं।  

इधर अपार्टमेंट से लगभग आधा किमी की दूरी पर बैंक्वेट हॉल में लड़की की शादी चल रही थी। लोगों ने दूल्हा-दुल्हन को इसकी खबर नहीं लगने दी और देर रात उनकी शादी करा दी गई। दुल्हन के एक भाई ने नम आंखों से किसी तरह कन्यादान की रस्म अदा की। दुल्हन के पिता सुबोध लाल परिवार में हुए हादसे से इस तरह बदहवास हो गए हैं कि उन्हें किसी की सुध नहीं है। उन्हें भी डॉक्टर के पास ले जाया गया है।

 

राहत कार्य के दौरान लोगों को बचाने के क्रम में बैंक मोड़ थाना प्रभारी पीके सिंह भी झुलस गए हैं। इनके अलावा दो दर्जन लोगों को भी आशीर्वाद टावर से निकालकर बदहवास और बेहोशी की अवस्था में इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में दाखिल कराया गया है।

देश की अन्य खबरें