लातेहार: वाहन के धक्के से घायल महिला की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने जाम किया एनएच

अंचलाधिकारी के आश्वासन के हटा जाम

लातेहार: वाहन के धक्के से घायल महिला की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने जाम किया एनएच

रुपेश कुमार/लातेहार : सदर थाना क्षेत्र के जालिम पंचायत के उदयपुरा गांव के रहने वाली मुन्नी देवी पति स्व. मंगल देव उरांव उम्र 55 वर्ष को शुक्रवार की शाम सात बजे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। जिससे महिला की एक दिन बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को उदयपुरा के समीप एनएच-39 सड़क को करीब दो घंटे तक जाम कर दिया। इस दौरान दोनों और वाहनों की लंबी कतार लग गई।

मृत महिला के बेटा मुनेश्वर उरांव ने बताया कि मेरी मां मुन्नी देवी शुक्रवार की शाम सात बजे घर से बाहर सामान लेने के लिए गई थी। सामान लेकर वापस लौटने के दौरान एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज किया। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने शनिवार को इलाज के लिए महिला को रांची रिम्स रेफर कर दिया। रांची रिम्स जाने के दौरान में ही महिला की मौत रास्ते में हो गई।

 


परिजन शव लेकर घर आ गए और रविवार को सुबह साढ़े नौ बजे शव के साथ आक्रोश ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया।आक्रोशित ग्रामीण व परिजन मुआवजा व सड़क में ब्रेकर बनाने की मांग कर रहे थे। सड़क जाम की सूचना के बाद अंचलाधिकारी रूद्र प्रताप, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी चंद्रशेखर चौधरी, पुलिस अवर निरीक्षक रोहित कुमार दल बल के साथ जाम स्थल पहुंचे और जामकर्ताओं से बात किया।

 

जामकर्ताओं ने प्रशासन से मृत परिजनों को मुआवजा व ब्रेकर बनाने की मांग की। जिस पर अंचलाधिकारी ने सरकारी प्रावधान के तहत मृत परिजनों को मुआवजा देने की बात कही और जल्दी उक्त स्थान पर ब्रेकर बनाने की बात कहीं। अंचलाधिकारी के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने साढ़े 11 बजे जाम हटाया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जाम स्थल में जालिम पंचायत के मुखिया सुनीता देवी समेत सैकड़ो ग्रामीण मौजूद थे।

देश की अन्य खबरें