हुटाप के लोथरझरिया और माल्हन के प्रतापीटाड़ में चला अफीम की खेती का विनष्टिकरण अभियान
दीपक भगत/चंदवा : अफीम की खेती का विनष्टिकरण का अभियान चंदवा में लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। लातेहार एसपी अंजनि अंजन को मिली सूचना पर कार्रवाई करते चंदवा थाना पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता के नेतृत्व में हुटाप पंचायत के लोथरझरिया और माल्हन पंचायत के प्रतापीटांड़ में अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान लगभग डेढ़ एकड़ भूमि पर लगी अफीम की फसल को विनष्ट किया गया। लहलहाती अफीम की फसल के विनष्टिकरण अभियान में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता के साथ एसआई नारायण यादव, सुनील टूटी और सैट 202 के सशस्त्र बलों की टीम के चंदवा और माल्हन पिकेट के जवान शामिल थे।
बता दें कि एक दिन पूर्व भी चंदवा थाना पुलिस और वन विभाग की टीम ने अफीम की खेती के विरूद्ध अभियान चलाते चंदवा थाना क्षेत्र के हुटाप पंचायत के बसडीहा गांव और तोड़ार गांव के जंगली क्षेत्र से घिरे हिस्से के लगभग एक एकड़ भूमि पर लहलहाती अफीम की फसल को विनष्ट किया था। पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने कहा है कि अफीम की खेती कानूनन अपराध है। इसकी खेती से बचें। अन्यथा कानूनी कारवाई तय है।